ऋषिकेश में इंडस्ट्री एंड वेलनेस एक्सपो का समापन, देवभूमि पिचैथॉन में जीवन ऑर्गेनिक्स प्रथम

ऋषिकेश में इंडस्ट्री एंड वेलनेस एक्सपो का समापन, देवभूमि पिचैथॉन में जीवन ऑर्गेनिक्स प्रथम

18 स्टार्टअप्स ने निवेशकों के समक्ष रखे व्यावसायिक प्रस्ताव, आयुर्वेद से लेकर पहाड़ी उत्पादों तक को मिला मंच

यमकेश्वर- स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल में आयोजित तीन दिवसीय इंडस्ट्री एंड वेलनेस एक्सपो एवं ‘देवभूमि पिचैथॉन 2026’ का सोमवार को समापन हुआ। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस एक्सपो में स्टार्टअप्स, उद्यमियों, उद्योग विशेषज्ञों और निवेशकों ने प्रतिभाग किया। आयोजन में स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन के साथ नए उद्यमों को निवेश, बाजार और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से जोड़ने पर विशेष जोर रहा। समापन समारोह में उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अण्थवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

एक्सपो के तहत आयोजित देवभूमि पिचैथॉन में 18 उद्यमियों ने अपने व्यावसायिक विचार निवेशकों एवं विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किए। मूल्यांकन के बाद जीवन ऑर्गेनिक्स ने प्रथम, आयुर्वेद एवं वेलनेस क्लोदिंग ब्रांड मिहो ने द्वितीय तथा हस्तशिल्प कंपनी ओम इंटीरियर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों को वेंचर कैपिटल फंडिंग, वित्तीय प्रबंधन, विपणन और बाजार विस्तार के विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।

पिचैथॉन में पंजाब एंजेल्स नेटवर्क ने सेशन पार्टनर के रूप में सहयोग किया। नेटवर्क के सीईओ सीए साहिल मक्कर, क्वांटिया ग्रेविटास (यूएई) के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. मुनीश जिंदल, फाउंडरएक्स की सीईओ डॉ. नैन्सी जुनेजा, वरिष्ठ सलाहकार संतोष नौटियाल और अन्य विशेषज्ञों ने उद्यमियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। इकारा फाइनेंशियल्स की संस्थापक एवं सीईओ अनिमा मिश्रा ने स्टार्टअप्स को निवेश के लिए तैयार करने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष सत्र लिया।

एक्सपो में आयुर्वेद, फूड प्रोसेसिंग, हथकरघा, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक और पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। प्रथम दिवस हिमालयी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में विशेषज्ञों ने आयुर्वेद, हर्बल शोध और वेलनेस क्षेत्र में नवाचार एवं संभावनाओं पर विचार रखे।

कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त पी.सी. जोशी, एनएसआईसी के अश्विनी कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सरकारी योजनाओं एवं उद्यमिता से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। मोहित नेचुरल एंड वेलनेस सेंटर के कमल बहादुर और अमित चंदोला ने उद्यम स्थापना के अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी उद्यमियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आर.पी. आर्य, सहायक प्रबंधक अंकित सिंह, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र नाथ, विनय कुमार, रवींद्र सिंह, देवेंद्र मेहता, कमल जयकृत सहित विभागीय टीम तथा अन्य उपस्थित रहे।