पिथौरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में बेहद धीमी गति से मतदान हो रहा है। सातशिलिंग के दोनोें बूथों में अभी भी सन्नाटा पसरा हुआ है। सातशिलिंग के पहले बूथ में 897 में से 95 और दूसरे बूथ में 626 में से केवल 115 वोट पड़े हैं।स्व. प्रकाश पंत की पत्नी और पिथौरागढ़ सीट से भाजपा प्रत्याशी चंद्रा पंत ने जीजीआईसी में बने बूथ पर वोट डाला। वहीं ठंड के कारण कुछ बूथाें पर कम वोटर नजर आ रहे हैं। दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।मतदान शुरू होने के आधे घंटे बाद ही जलकर कार्यालय बूथ में ईवीएम मशीन में खराबी आ गई। बाद में मशीन बदली गई। आईटीआई बूथ में भी ईवीएम में खराबी आई। यहां दूसरी मशीन मंगाई गई है। मतदाता मशीन का इंतजार कर रहे हैं।
पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। उत्तराखंड में वित्त मंत्री प्रकाश पंत के निधन से यह सीट रिक्त हुई थी। भाजपा से प्रकाश पंत की पत्नी चंद्रा पंत, कांग्रेस से अंजू लुंठी और समाजवादी पार्टी से मनोज कुमार भट्ट चुनाव मैदान में हैं। इन तीनों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 105711 मतदाता करेंगे।
उप चुनाव के लिए 145 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दूरस्थ के मतदान केंद्रों में 36 पोलिंग पार्टियां शनिवार को ही रवाना हो गई थीं, जबकि शेष 109 पार्टियां रविवार सुबह रवाना हुईं, जो देर शाम मतदान केंद्रों पर पहुंच गई हैं।