सच्ची सेवा : सर्व महिला शक्ति समिति ने नारी निकेतन में बांटी खुशियां
देहरादून। किसी के चेहरे को खुशियों से भर दो। चाहे पल दो पल के लिए हो, किसी की मुस्कुराहट वापस ला दो। ईश्वर की नजर में वही सच्ची सेवा है। ऐसे ही सेवा भाव के साथ देहरादून की संस्था सर्व महिला शक्ति समिति की अध्यक्षा शिवानी कौशिक गुप्ता भी काफी समय से हर जरूरतमंद के लिए जुटी हुई हैं। आज भी उन्होंने अपनी सहयोगियों के साथ मिलकर नारी निकेतन में महिलाओं, किशोरियों को उनके सूट के लिए कपड़े दिए, थान दिए और सभी को अंडर गारमेंट्स एवं पैड्स भी उपलब्ध कराए।
केदारपुरम स्थित नारी निकेतन के कार्यालय में हुए एक संक्षिप्त कार्यक्रम में समिति की अध्यक्षा शिवानी कौशिक गुप्ता ने कहा, जो सेवा भाव नारी निकेतन में बच्चियों से लेकर महिलाओं तक के लिए उन्हें दिखाई दिया है। ऐसा उन्होंने कहीं नहीं देखा। इसके लिए वह नारी निकेतन के प्रशासन और सभी महिला कर्मचारियों एवं सदस्यों को नमन करती हैं।
शिवानी ने कहा कि समाज से विरक्त महिलाएं, किशोरियों और जिन्हें कोई सहारा नहीं मिल पाता, उन्हें यहां नारी निकेतन में घर जैसे माहौल में पलता-बढ़ता देखकर उन्हें अत्यधिक खुशी हुई है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों का भी आह्वान किया कि वह भी आगे आकर हर जरूरतमंद के लिए अपनी ओर से सेवा देने को तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि समिति की ओर से नारी निकेतन के लिए जो सेवा उन्होंने दी है, वह आगे भी इसे जारी रखेंगी। सर्दियों में भी उन्होंने गर्म कपड़े उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में नारी निकेतन प्रशासन की ओर से उन्हें धन्यवाद पत्र भी सौंपा गया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, अधीक्षिका विजयलक्ष्मी, ज्योति, मधु, संरक्षण अधिकारी संपूर्णा, विधि अधिकारी आशा एवं अरदास संस्था की अध्यक्षा कमलप्रीत कौर, तेजस्विनी फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्षा प्रिया गुलाटी, नीलम बिष्ट, अंजू भार्गव आदि उपस्थित रहे।