मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात हुई है। ग्राम निजामपुर में बृहस्पतिवार की रात दंपती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनकी आठ माह की बच्ची को भी घायल कर दिया।
शुक्रवार की सुबह बच्ची की रोने की आवाज पर पड़ोसियों को घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस को दंपती के शव लहूलुहान हालत में मिले। बच्ची घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
निजामपुर निवासी 40 वर्षीय विघनेश शर्मा अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता के साथ गांव के बाहर बने मकान में रहते थे। कोई बच्चा न होने पर हाल ही में उन्होंने अपनी ससुराल से आठ माह की बच्ची को गोद लिया था।
बृहस्पतिवार की रात मकान में रोज की तरह सो गए। सुबह वो घर से बाहर नहीं निकले। मकान में काफी देर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। इस पर पड़ोसी मकान में गए तो मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ सीओ दद्दन प्रसाद, कुरावली थाना प्रभारी शिव कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घर में दंपती के शव पड़े मिले। बच्ची भी लहूलुहान थी।
अधिकारियों ने मकान के पास में ही बने नलकूप के पास से खून से सनी लकड़ी छीलने वाली बसूली को बरामद किया है। हत्या के कारण की जानकारी नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीण हैरत में है कि आखिर किसने दंपती को बेरहमी से मारा है। हमलावरों ने मासूम बच्ची पर भी तरस नहीं खाया। वो भी गंभीर रूप से घायल है।