आम आदमी पार्टी (आप) के महरौली विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला किया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक जब यादव मंदिर से वापस आ रहे थे, उनके काफिले पर अरुणा आसफ अली मार्ग पर हमला किया गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार इस हमले में आप के कार्यकर्ता अशोक मान की मौत हो गई। इस हमले में एक अन्य कार्यकर्ता घायल हो गया। नरेश पर गोलियों से हमला उस वक्त हुआ जब वह चुनाव के नतीजे आने के बाद मंदिर से वापस लौट रहे थे।
हमले के बाद नरेश यादव ने कहा कि घटना वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे हमले का कारण नहीं पता लेकिन यह अचानक हुआ। करीब चार राउंड फायर किए गए। जिस वाहन में मैं था, उस पर हमला किया गया। मुझे यकीन है कि अगर पुलिस सही तरीके से पड़ताल करती है तो हमलावर की पहचान हो सकेगी।
क्या है पूरा मामला
महरौली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी नरेश यादव ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी की कुसुम खत्री को 18161 वोट से हराकर जीत हासिल की है। नरेश यादव को 62417 वोट मिले हैं और उनकी प्रतिद्वंद्वी कुसुम खत्री को 44256 वोट मिले।
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में आप ने 62 सीटों पर जीत हासिल की है और आप की वोट हिस्सेदारी 53.57 प्रतिशत रही।भाजपा अपने तमाम दिग्गजों के दम पर अपने खाते में महज पांच सीटें ही और जोड़ सकी है। पिछली बार भाजपा की केवल तीन ही सीटें आई थीं।
वहीं, मामले में दिल्ली पुलिस का बयान आया है। पुलिस ने कहा है कि विधायक नरेश यादव पर हमला नहीं हुआ है। हमलावर ने अशोक मान को ही निशाना बनाया था। अशोक मान और हमलावर की बीच पुरानी रंजिश थी।
साउथ वेस्ट दिल्ली के अडिशनल डीसीपी इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक की जांच से पता चला है कि हमलावर एक ही था। आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव को हमलावर ने निशाना नहीं बनाया था। हमलावर आप कार्यकर्ता को निशाना बनाने के लिए आया था जिसकी गोली लगने से मौत हो गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।