नैनीताल
19जून 2021
नैनीताल जिले से शनिवार को एक दिल को झकझोर देने वाली खबर आई है। यहां एक पत्नी को अपने पति की शराबखोरी की लत इतनी भारी पड़ गई कि इसकी कीमत उसे अपने प्राण गंवा कर चुकानी पड़ी। मामला ओखलकांडा के मल्ला घरता गांव का है। वहां शराब के नशे में धुत एक शख्स ने अपनी पत्नी की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसके प्राण निकल गये। घटना के बाद शराबी पति फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पति की पिटाई से गंभीर रूप से घायल हुई महिला की मौत घर पर ही हो गई थी। बाद में मायका पक्ष के लोगों ने राजस्व पुलिस को घटना की सूचना दी। राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
यहां मिली जानकारी के मुताबिक, ओखलकांडा मल्ला के घरता गांव के पूर्व फौजी सतीश चंद्र पुरी का विवाह वर्ष 2008 में बसंती देवी से हुआ था। दोनों के तीन बच्चे हैं। मायके वालों को आरोप है कि विवाह के बाद से ही सतीश चंद्र पुर बसंती के साथ आये दिन मारपीट किया करता था। आरोप है कि 14 जून की रात्रि को भी सतीश पुरी ने अपनी 33 वर्षीय पत्नी बसंती की बेरहमी से पिटाई की। इसके चलते उसके शरीर में बड़ी गंभीर चोटें आईं, लेकिन क्रूरता की हद ये हो गई कि सतीश पुरी ने गंभीर रूप से घायल हो चुकी बसंती का उपचार कराना भी मुनासिब नहीं समझा। इससे बसंती की हालत बिगड़ती चली गई। आखिर वह 18 जून शुक्रवार की सुबह अपने ही घर में जिंदगी की जंग हार गई।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि सतीश पुरी शराब का आदी है और शराब के नशे में वह इससे पहले भी कई बार बसंती को पीट पीट कर गंभीर रूप से घायल कर चुका था। शिकायत होने पर वह हर बार बसंती के परिजनों से खेद जता कर और भविष्य में ऐसा न करने का वादा कर समझौता कर लेता था।
राजस्व पुलिस ने अभियुक्त सतीश पुरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे क्षेत्रीय पटवारी शकील का कहना है कि हत्यारोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और वह किसी भी सूरत में गिरफ्तारी नहीं बच पाएगा।