गोपेश्वर। कर्णप्रयाग में बुधवार को एक अज्ञात महिला ने पुल से अचानक उफनाई अलकनन्दा में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर जानकारी जुटाई। महिला कौन थी, कहा से आई थी और वह अलकनंदा में क्यों कूदी पुलिस इसकी तफ्तीश में जुटी हुई है। वहीं एसडीआरएफ की टीम अलकनंदा नदी के तटों पर महिला की तलाश में जुटी हुई है। बुधवार को कर्णप्रयाग, पोखरी मार्ग पर बने एक पुल पर महिला बहुत देर से टहल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बहुत देर तक खड़ी रही, जिसके बाद वह अचानक पुल के गार्ड पर चढ़ गई। जब तक आसपास मौजूद लोग समझ पाते महिला ने उफनती अलकनंदा में छलांग लगा दी। मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरन्त कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अलकनन्दा के तटों पर महिला की खोजबीन की है। खबर लिखे जाने तक महिला की खोजबीन जारी थी।
महिला ने पुल से उफनाई अलकनन्दा में लगाई छलांग
RELATED ARTICLES